अलवर जिले में हरसौरा इलाके में झझारपुर पेट्रोल पम्प पर पिछले दिनों हुई लूट का पर्दाफाश कर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन पर चार—चार हजार रुपए का ईनाम घोषित किया गया था।
एसपी अलवर राहुल प्रकाश ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी देशराज उर्फ बच्चीया गुर्जर निवासी रायली थाना हरसौरा, किशन उर्फ कृष्ण गुर्जर निवासी रायली थाना हरसौरा और सोलू उर्फ संदीप निवासी गूंती थाना बहरोड़ निवासी है। गौरतलब है कि एक जून को रतीराम खैरिया फ्यूल्स झझारपुर के मैनेजर मनीष कुमार ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 31 मई को रात करीब साढ़े नौ बजे दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच नकाबपोश बदमाश उनके पेट्रोल पम्प पर पहुंचे और तीन—चार बार फायर किए। आरोपियों ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों से करीब 8-10 हजार रुपये, मोबाईल फोन व दस्तावेज लूटकर भाग गए। बदमाश लुटेरों ने शोरूम के शीशे व बाहर खड़ी मोटरसाईकिल के टायर में गोली मारी। आॅफिस मे घुसकर तोड़फोड़ की और एलईडी लूटकर भाग निकले।
वारदात के बाद उपाधीक्षक परमाल सिंह के निर्देशन में गठित टीम में शामिल हरसौरा थानाप्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों ने पड़ताल शुरु की। जिसमें लूट गिरोह में आरोपी सत्यवीर गुर्जर निवासी भग्गू का बास थाना हरसौरा, देशराज उर्फ बच्चीया गुर्जर निवासी रायली थाना हरसौरा, किशन उर्फ कृष्ण गुर्जर, भोलू उर्फ महेश मीना निवासी सराय थाना मुण्डावर और सोलू उर्फ संदीप लुहार निवासी गूंती थाना बहरोड़ जिला अलवर के रूप में पहचान हुई। गुरुवार को वृत्ताधिकारी बहरोड़ परमाल सिंह के निर्देशन में हरसौरा थानाधिकारी को वारदात में नामजद बदमाशों के एक होटल के पीछे आकर ठहरने की सूचना मिली थी। जहां से उन्हें धरदबोचा।