शहर के कई इलाकों में दुपहिया वाहन चुराकर सस्ते दामों में आॅटोपार्टस बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई जयपुर कमिश्नरेट में पश्चिम जिले की कालवाड़ थाना पुलिस ने की। डीसीपी अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मदन, रवि, प्रभू दयाल उर्फ बाबू बलाई, राजू उर्फ राजेश कुमावत और राजवीर उर्फ गोपाल बलाई है। जो कि कालवाड़ इलाके के रहने वाले हैं।
ये पांचों आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर कालवाड़ थानाप्रभारी रमेश सैनी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने बांडी नदी के बहाव क्षेत्र में सूनसान जगह पर मौजूद गिरोह के पांच आरोपियों को धरदबोचा। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चुराई गई 6 बाइक बरामद की है।
कालवाड़ थानाधिकारी रमेश सैनी ने बताया कि यह गिरोह वाहन चौमूं, करधनी, कालवाड़ इलाकों से वाहन चोरी करते और नंबर प्लेट हटाकर एक मकान में ले जाकर खड़ा कर देते थे। इसके बाद मौका मिलते ही बाइक के टायर, रिम, बैट्री व अन्य पार्ट्स निकालकर बेच देते थे। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अब तक एक दर्जन से ज्यादा वाहन चुराना कबूल किया है।