सड़क किनारे कचरे में बिखरे पड़े नरमुंड और कंकाल पर जिस किसी राहगीर की नजर पड़ी वह सन्न रह गया।
वह थोड़ा ठिठका और उसने दूसरे राहगीर को बताया। देखते ही देखते सैंकड़ों राहगीर तमाशबीन बन गए। पूरे इलाके में नरमुंड और कंकाल मिलने की सूचना आग की तरह फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची। एक बारगी तो मौके के हालात देख पुसिल वाले भी सन्न रह गए। सामने 15—20 कंकाल के अवशेष पड़े थे।
पुलिस ने इन नरमुंड और कंकालों की जांच कर राहत की सांस ली। दरअसल, से नर कंकाल और नरमुंड असली नहीं थे, बल्कि डमी थे। यह चौंकाने वाला वाकया आज जयपुर के सुभाष चौक थाना इलाके में हुआ। जहां गंगापोल स्थित रावल जी का बाजार में कचरा डिपो के आसपास आज शाम को स्थानीय लोगों ने करीब 15—20 नरमुंड व कंकाल के टुकड़े पड़े देखें। दूर से देखने पर वह हूबहू असली नजर आ रहे थे।
जानिए, कहां से आए यह नरमुंड और कंकाल
सड़क पर ऐसे फैले थे नरमुंड
- फोटो : Vishnu Sharma
सड़क पर नरमुंड मिलने की बात सुनकर रावल जी का बाजार में सैंकड़ों लोग इकट्ठा हो गए। राहगीर और वाहन चालक भी रुक रुककर देखने लगे। इससे वहां सड़क पर ट्रेफिक जाम की स्थिति बन गई।
थानाप्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि यह नरमुंड व नरकंकाल नकली थे। यह फाइबर प्लास्टिक से बने हुए थे। जो कि आमेर रोड पर जोरावर सिंह गेट के पास स्थित आयुर्वेद अस्पताल में डॉक्टर की पढ़ाई कर रहे छात्रों को पढ़ाने के काम आते है। वहां साफ-सफाई के बाद कोई सफाईकर्मी इन डमी नरमुंड को कचरा डिपो पर फेंक गए। आवारा जानवरों ने इन्हें सड़क तक फैला दिया।