जयपुर में फर्जी फेसबुक अकाउंट एक युवती के लिए मुसीबत बन गया है। परेशान होकर युवती ने बुधवार को आदर्श नगर थाने पर पहुंचकर अज्ञात शख्स के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करवाया। केस की जांच थानाप्रभारी कर रहे है।
जानकारी के अनुसार परिवादी युवती आदर्श नगर में राजापार्क की रहने वाली है। किसी शख्स ने पीड़िता युवती के फेसबुक अकाउंट को देखकर एक और फर्जी फेसबुक अकाउंट बना लिया। इसके बाद अज्ञात आरोपी ने युवती की व्यक्तिगत जानकारियों को फर्जी अकाउंट पर सार्वजनिक करना शुरु कर दिया और अब कॉल व मैसेज करके परेशान कर रहा है। कई दिनों से परेशान होकर आखिरकार युवती ने आदर्श नगर थानाप्रभारी बृजभूषण अग्रवाल से मिलकर पीड़ा जाहिर की। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर पड़ताल शुरु कर दी है।