कागजों में कॉमर्शियल दुकानें दिखाकर एक व्यक्ति से ठगी कर रुपए हड़पने वाले आरोपी को बुधवार को बनीपार्क थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले ठगी के इसी केस में नामजद आरोपी जाकिर के साथी मोहसिन को बनीपार्क पुलिस ने 22 मार्च को गिरफ्तार कर लिया था। वह सेंट्रल जेल में बंद है।
डीसीपी पश्चिम अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी जाकिर खान है। वह धन्नादास की बगीची, आदर्श नगर का रहने वाला है। वहीं उसने एक प्रोपर्टी की दुकान खोल रखी थी।
भट्टाबस्ती निवासी खलील ने वर्ष 2011 में आरोपी जाकिर व मोहसिन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया था। जिसमें बताया कि आरोपियों ने नरेना रोड, दूदू में अपनी जमीन व आवासीय योजना डवलप करने की बात कहकर पांच दुकानें बेचने का सौदा किया था।
इसके बाद खलील को बातों में फंसाकर दोनों आरोपियों ने पांच दुकानों की रजिस्ट्री करवा कर तीन लाख रुपए ले लिए। थानाप्रभारी बनीपार्क धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि पीड़ित खलील ने नरेना रोड पर जाकर पता किया तो उसे सच्चाई पता चली कि वहां आरोपियों की कोई जमीन ही नहीं है।
तब खलील ने जाकिर व मोहसिन से रुपए लौटाने को कहा तो वे दोनों टरकाते रहे। इस पर खलील ने रिपोर्ट दर्ज करवाई। केस की पड़ताल सबइंस्पेक्टर मांगू सिंह को सौंपी गई। जिन्होंने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।