इंग्लैंड में चल रही आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी-2017 के दौरान बुधवार को सेमीफाइनल में इंग्लैंड व पाकिस्तान के बीच खेले गए क्रिकेट मैच पर सट्टा लगा रहे चार सटोरियों को राजस्थान के बीकानेर जिले में पुलिस ने देर रात गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक सवाईसिंह गोदारा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी कुदरत अली पुत्र फकरुदीन, वसीम पुत्र मोहम्मद सदीक, मुकदर अली चौहान पुत्र सिकंदर अली तथा कमर खान पुत्र रशीद खान है। उनके कमरे से पुलिस ने लैपटॉप, केलकुलेटर एवं एक सूटकेस में लगे डिवाइस से 20 मोबाइल फोन, चार्जर व रजिस्टर मिला है, जिसमें करोड़ों रुपए का हिसाब-किताब होना बताया जा रहा है।
बीकानेर सिटी उपाधीक्षक किरण गोदारा को सूचना मिली थी कि डूडी सिपाहियान मोहल्ले में कुदरत अली के घर पर क्रिकेट मैच पर कुछ बुकी सट्टा खेल रहे है। इस पर कुदरत अली के घर पर दबिश दी। जहां मकान की तीसरी मंजिल पर एक कमरे में चारों सटोरियों सट्टा खेल रहे थे। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर पड़ताल की जा रही है।