एक कुख्यात गैंगस्टर ने अभिनेता सलमान खान को जान से मारने की धमकी देकर यहां सनसनी मचा दी है। जोधपुर में कोर्ट के बाहर पेशी पर आए गैंगस्टर लारेंस विश्नोई ने मीडिया के सामने सलमान खान को मारने की धमकी दी। उसने मीडिया से बातचीत में कहा कि सलमान को जोधपुर में ही मारेंगे।
गैगस्टर लारेंस विश्नोई ने कहा कि अभी तो मैंने कुछ किया ही नहीं है। पुलिस यूं ही फंसा रही है। लारेंस की सलमान को दी गई इस धमकी ने पुलिस महकमे में हड़कंप सा मचा दिया। जानकारी के अनुसार लारेंस विश्नोई और उसका गैंग पंजाब और राजस्थान के अपराधिक गतिविधियों में सक्रिय है। उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस हिरासत में मौजूद लारेंस ने यह भी कहा कि मैं अभी भागने वाला नहीं हूं। मेरी अभी ऐसी कोई मंशा नहीं है। जिस दिन होगी उस दिन देखा जाएगा। जानकारी के अनुसार कुछ अरसे पहले ही जोधपुर में एक व्यापारी की गोली मारकर हत्या के बाद लारेंस विश्नोई को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
यह वजह मानी जा रही है धमकी देने के पीछे....
गैंगस्टर लारेंस विश्नोई
- फोटो : Amar Ujala
हरियाणा पंजाब के गैंगस्टर लॉरेन्स विश्नोई को पुलिस ने कड़ी सुरक्षा में आज जोधपुर पुलिस ने मुख्य महानगर मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर पूछताछ के लिए सात दिन का रिमांड लिया है। पुलिस रिमांड लेने के बाद जब कोर्ट से वापस लॉरेंस को लेकर रवाना हुई तो पुलिस की गाड़ी में बैठे लॉरेंस ने यह बात कही।
हालांकि इस धमकी की वजह सामने नहीं आ सकी है। लेकिन इसे हिरण शिकार मामले से जोड़कर देखा जा रहा है। क्योंकि गैंगस्टर लारेंस विश्नोई समाज से ताल्लुक रखता है और इसी समाज ने सलमान का विरोध करते हुए उसे हिरण शिकार मामले में कड़ी सजा होने की मांग की थी।
हिरण शिकार मामले के बाद विश्नोई समाज सलमान के खिलाफ लामबंद हो गया था। ये समाज जंगल व जानवरों खासकर हिरण से काफी प्रेम करता है। वहीं, इस मामले में जोधपुर पुलिस का कहना है कि कोर्ट में पेशी के दौरान लारेंस विश्नोई पर नजर रखने के लिए पुलिस की सुरक्षा बढ़ाई गई है। क्योंकि उसके पुलिस हिरासत से भागने का संदेह है।