अलवर के एमआईए थाना क्षेत्र स्थित बगड़ तिराहे के समीप ट्रक और बाइक की भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। मृतक के शव को सामान्य चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया है।
जानकारी के अनुसार, रामगढ़ के रूपबास निवासी दीपक जाटव अपने परिचित भारत जाटव के साथ केरवा जाट स्थित अपने ससुराल गया हुआ था। वापसी में बाइक से लौटते समय बगड़ तिराहे के समीप तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक दूर जाकर गिरे। इससे दीपक जाटव की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि भारत जाटव को गंभीर अवस्था में सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है पुलिस ने ट्रक को जप्त कर लिया है, जबकि ट्रक चालक मौके से फरार है। पुलिस मामले में जांच कर ट्रक चालक की तलाश कर रही है।