झुंझनूं जिले के खेतड़ी थाना इलाके के हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड की खदान के पानी में डूबे छात्र के शव को चौथे दिन निकाल लिया गया।
67 घंटे के ऑपरेशन रेस्क्यू के बाद भी छात्र को नही बचाया जा सका। गौतरलब है कि छात्र कपिल सैनी गुरुवार दोपहर केसीसी की चांदमारी खदान के पानी में डूब गया था। उसे बचाने के लिए चलाये गए ऑपरेशन में एनडीआरएफ की टीम के 20 जवान, एसडीआरएफ की टीम के 35 जवान, आठ समुद्री गोताखोर, चार स्थानीय गोताखोर और मौके पर पुलिस व प्रशासन के लोग चार दिन से लगे थे।
चार दिन तक प्रशासन और पुलिस के जवान इस खदान के बाहर ही अपने डेरा जमाए थे। इसके लिए नेवी से विशेष कैमरे भी मंगवाए गए थे। इस से पहले ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ तथा समुद्री गोताखोरों की टीम ने आखिरकार छात्र कपिल सैनी का शव निकाल लिया।
इस काम को करने में समुद्री गोताखोरों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इन गोताखोरों ने महज तीन घंटें में ही शव को ढूंढ निकाला। कपिल के शव को खेतड़ी के अजीत अस्पताल में ले जाया गया है। जहां पर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। गौरतलब है गुरुवार दोपहर को दो बजे अपने साथियों के साथ पिकनिक मनाने गया निजामपुर मोड़ निवासी कपिल सैनी पानी में डूब गया था। इसके बाद से रेस्क्यू चल रहा था। इसके बाद कलेक्टर दिनेश यादव व एसपी मनीष अग्रवाल सहित पूरा प्रशासन ऑपरेशन में जुटा था।