मौज-मस्ती और शौक पूरे करने के लिए एक बाप ही लालच देता था। इससे बेटा अपने शातिर साथियों के साथ मिलकर शहर में वाहन चोरी की वारदातें करता। अब तीन सदस्यीय यह गैंग पुलिस के हत्थे चढ़ गई है।
पुलिस ने इस गैंग से चुराई गई 22 मोटरसाइकिलें बरामद की है। इन्होंने राजधानी के विभिन्न इलाकों में दो दर्जन से ज्यादा वारदातें करना बताया है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर, जयपुर प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि गैंग का मास्टरमाइंड गिरफ्तार आरोपी कमल कुमावत उम्र 19 साल है। वह मूल रूप से छोटी परिक्रमा मार्ग, मथुरा, उत्तरप्रदेश का है।
यहां जयपुर के मोतीडूंगरी इलाके में भोमियां जी की छतरी के पास रहता है। दूसरा आरोपी सलमान खान उम्र 27 साल निवासी जेडीए काॅलोनी, मीणा पालड़ी, आगरा रोड जयपुर और तीसरा आरोपी कमलेश गोस्वामी उम्र 27 साल निवासी आनन्दपुरी नायला हाउस मोती डूंगरी, जयपुर है।
मौज मस्ती के लिए मोटर साईकिल चुराते थे
वारदात का खुलासा करते डीसीपी कुंवर राष्ट्रदीप
- फोटो : Vishnu Sharma
डीसीपी पूर्व कुंवर राष्ट्रदीप ने बताया कि पूछताछ में कमल कुमावत ने बताया कि सलमान का पिता नवाब खान ही उन्हें लोभ लालच देकर गाड़ियां चुराने के लिए कहता था। इन चुराई गई गाड़ियों को वह नबाब खान व उसके लड़के सलमान खान को ही सौंपता था।
कमल व सलमान की निशानदेही पर ही चुराई गई गाड़ियों को नबाब खान के पालड़ी मीणा स्थित घर और जगतपुरा स्थित कारखाने से बरामद किया गया। इनके कब्जे से बरामद दुपहिया वाहनों में 19 एक्टीवा स्कूटी व 3 मोटर साईकिलें है। पूछताछ में गिरोह ने बताया कि वे अपने शौक एवं मौज मस्ती के लिए मोटर साईकिल चुराते थे।
गैंग को पकड़ने में जवाहर सर्किल थानाप्रभारी राजेश सोनी डीसीपी पूर्व की स्पेशल टीम में शामिल सबइंस्पेक्टर रामअवतार, हैडकांस्टेबल सुरज्ञान लाल, कांस्टेबल छीतरमल सहित अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने अहम भूमिका निभाई।