बैंक हो या बाजार, कहीं आप तो किसी अनजान शख्स की ओर से मदद की पेशकश के झांसे में नहीं आ रहे। ऐसी ही एक मदद की पेशकश में आकर एक जना अपने हजारों रुपए लुटवा बैठा।
यह मामला है अलवर जिले के फूलबाग थाना इलाके का। जहां रीको चौक स्थित सेंट्रल बैंक में रुपए जमा करवाने आए दो बदमाशों ने मदद करने के बहाने पहले बातों में उलझाया और फिर बैंक से बाहर दिनदहाड़े देशी कट्टा दिखाकर 75 हजार रुपए लूटे। इसके बाद एक आॅटोरिक्शा में बैठकर फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक लूट की वारदात ध्रुव कुमार के साथ हुई। वह आज अपनी कंपनी के खाते में पैसा जमा करवाने सेंट्रल बैंक गया था। तभी पीछा करते हुए दो युवक आए। उन्होंने जमा स्लीप भरते वक्त ध्रुव को फार्म भरने की मदद की पेशकश की और उसे बहाना बनाकर बैंक से बाहर ले गए।
मौका पाते ही सिर पर रख दिया कट्टा
demo pic
- फोटो : Demo pic
बैंक के बाहर मौका पाकर दोनों बदमाशों ने ध्रुव पर देशी कट्टा तान दिया और गोली मारने की धमकी देकर ध्रुव की दोनों जेबों में रखी 75 हजार के नोटों की गड्डियां लूटकर भाग निकले। तब सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस के मुताबिक लूट का शिकार ध्रुव उत्तरप्रदेश का रहने वाला है। वह अलवर में लग रहे एक मेगा ट्रेड फेयर में कंपनी की ओर से स्टॉल्स लगाने आया हुआ है। उसके मुताबिक पीड़ित ध्रुव ने फूलबाग थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी तीन—चार वारदातें हो चुकी है।