कोर्ट परिसर में ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हिस्ट्रीशीटर की हत्या करने वाले दो और आरोपियों को पुलिस ने आज धरदबोचा। बीती 17 जनवरी को हुई वारदात के बाद से फरार इन दोनों आरोपियों को बिजावास से बैरासर जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया गया।
यह कार्रवाई राजस्थान में चूरू जिले की सादुलपुर थानाप्रभारी भगवान सहाय मीना के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी प्रदीप रतनपुरा और नवीन उर्फ कालू है। इससे पहले पुलिस हत्याकांड में शामिल एक अन्य आरोपी संदीप को बेंगलुरु से आते वक्त गिरफ्तार कर चुकी है।
इस मामले में करीब आधा दर्जन बदमाशों की तलाश पुलिस कर रही है। गौरतलब है कि 17 जनवरी को दिनदहाड़े करीब आधा दर्जन से ज्यादा बदमाशों ने चूरू जिले की सादुलपुर कोर्ट परिसर में दिनदहाड़े गोलियां बरसाकर पेशी पर आए हिस्ट्रीशीटर अजय जैतपुरा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसमें एक वकील समेत दो लोग घायल हो गए थे।