राजस्थान के भरतपुर जिले में आज दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में आधा दर्जन लोगों की मौत हुई है। ये सभी आपस में रिश्तेदार थे।
हिंडौन निवासी भगवान जाटव के बेटे-बेटी और रिश्तेदार भरतपुर के अस्पताल में भर्ती दामाद से मिलने के लिए एसयूवी जायलो में सवार होकर जा रहे थे। इस दौरान मेगा हाइवे पर निर्भान नगला गांव के पास उनकी तेज एसयूवी जाइलो बेकाबू हो कर पलट गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा कार का टायर फटने से हुआ। हादसे के बाद कार ने कई पलटियां खाई और उसमे बैठी सवारियां बाहर आ गिरी। हादसे को देखकर वहां क्रिकेट खेल रहे ग्रामीण युवकों और किसानों ने उन्हें संभाला। इस हादसे में छह लोगों की मौत हुई है। पुलिस के अनुसार, इनमें चार आपस में सगे भाई-बहन थे और वे भगवान जाटव की संतान थे। इस हादसे के बाद भगवान जाटव के घर कोहराम मच गया।
हादसे की सूचना मिलने पर बयाना विधायक बच्चूसिंह वंशीवाल, एएसपी भरतपुर प्रकाशचंद, उपाधीक्षक हिमांशु शर्मा व कोतवाली प्रभारी खलील अहमद सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।