उड़ते विमान में एक यात्री को दिल का दौरा पड़ गया। ऐसे में विमान को बीच उड़ान में इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया।
मामला स्पाइस जेट की फ्लाइट 184 से जुड़ा है, जिसकी इमरजेंसी लैंडिंग जयपुर में करवानी पड़ी। फ्लाइट पुणे से दिल्ली जा रही थी। इस बीच फ्लाइट में मौजूद फरीदाबाद के सेक्टर 49 निवासी रमेश चंद्र की तबीयत खराब हो गई। उन्हें हार्ट अटैक आने की सूचना से हड़कम्प मच गया। फ्लाइट के क्रू मैम्बर को जानकारी मिलते ही वो हरकत में आया और तुरंत ही दिल्ली पहुंचने से पहले जयपुर में मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई।
इस फ्लाइट का जयपुर एयरपोर्ट में स्टॉप नहीं था। ऐसे में रमेश चंद्र की तबीयत खराब होने के बाद विमान को उतारा गया। एयरपोर्ट पर यात्री को मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई। उसे वहां से अस्पताल में भेजा गया। जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार शाम 5 बजकर 28 मिनट इमरजेंसी लैंडिंग की गई थी। रमेश चंद्र को अस्पताल भेजने के बाद बचे यात्रियों को लेकर फ्लाइट को वापस दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया।