नाबालिग बच्चियों के देहव्यापार का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। इस गैरकानूनी कारोबार का एक्सपोज करने से पहले ही आरोपियों ने एक युवक की हत्या कर दी।
हत्या का शिकार 35 वर्षीय युवक बलविंदर सिंह उर्फ मोड सिंह था। वह राजस्थान के अलवर जिले में बड़ोदमेव थाना इलाके का रहने वाला था। पुलिस ने उसके भाई की रिपोर्ट पर आज हत्या का केस दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है।
बड़ोदमेव थानाधिकारी मोहन सिंह गुर्जर ने बताया कि अलवर की स्कीम नंबर 2 टीटोडा मोहल्ला निवासी श्रवण सिंह ने हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया है। जिसमें बताया कि उसका भाई बलविंदर करीब 20 साल से कंजर बस्ती में एक महिला के साथ रह रहा था। कुछ समय पहले बलविंदर ने अपने भाई मोहन सिंह और परिचित पड़ोसियों को बताया था कि उसे आशंका है कि कंजर बस्ती में रहने वाले कुछ लोग उसे मार डालना चाहते है। उसे धमकियां दी जा रही है। वह उन लोगों के चंगुल में फंस गया है, जबकि वह देह व्यापार का विरोध करता था।
नाबालिग बच्चियों को अगवा कर लाते हैं और फिर...
हत्या कर लाश लावारिस पटकी
- फोटो : SELF
पुलिस के मुताबिक रिपोर्ट में मोहन सिंह ने बताया कि 8 दिसंबर को सुबह 11 बजे मृतक बलविंदर सिंह टिटोडा मोहल्ले में आया था। वह यहां से स्थानीय लोगों को लेकर मानव तस्करी विरोधी यूनिट कार्यालय मोती डूंगरी गया था, लेकिन वहां अधिकारी नहीं मिलने पर लौट आए।
रिपोर्ट में मोहन सिंह ने इस बात का जिक्र किया है कि उसके भाई बलविंदर ने हत्या से पहले बताया था कि कंजर बस्ती में रहने वाली महिलाएं कुछ लोगों के साथ मिलकर बाहर से नाबालिग बच्चियों को अगवा कर कंजर बस्ती में लाते हैं और फिर उनसे देह व्यापार करवाते है। इन लोगों के खिलाफ विभिन्न स्थानों में मामले दर्ज हैं।
इस देह व्यापार का पता चलने पर बलविंदर बस्ती में ऐसे लोगों का विरोध कर रहा था। ऐसे में उसकी रंजिश हो गई थी। शुक्रवार सुबह 4 बजे कंजर बस्ती के कुछ लोगों ने बलविंदर के घर पहुंचकर उसे मारने की धमकियां दी थी। इसके बाद शनिवार रात 10 बजे किसी स्थानीय व्यक्ति ने बलविंदर की हत्या कर उसकी लाश कहीं लावारिस पटकने की जानकारी दी। तब परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।