शादी समारोह में उस समय अचानक अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। फायरिंग में दो युवक घायल हो गए।
मामला अजमेर के दरगाह थाना इलाके का है। दरगाह वृताधिकारी ओमप्रकाश मीणा ने बताया कि बाबू बंजारा के यहां शादी थी जिसका समारोह निजी होटल में चल रहा था। यहां डांस के दौरान जितेन्द्र सिंह की राजू खान से कहासुनी हो गई। पूर्व में भी इनकी रंजिश चल रही थी।
जितेन्द्र सिंह शादी से सीधा घर गया और शराब के नशे में रिवॉल्वर लेकर होटल में पहुंच गया। उसने होटल की बालकनी में जाकर फायरिंग कर दी। इससे पुष्कर के ही रहने वाले प्रमोद नागौरा व उसके भांजे समीर गुरावा के गोली लगी। डीएसपी मीणा ने कहा कि आरोपी जितेन्द्र को गिरफ्तार कर रिवॉल्वर जब्त कर ली गई है। आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।