'पद्मावत' को रिलीज होने में केवल एक दिन बचा है और यहां इसे लेकर बवाल और भड़क गया है। करणी सेना ने दिल्ली-मुम्बई हाईवे पर जयपुर के नजदीक जाम लगा दिया है। यहां करणी सेना व अन्य राजपूत संगठनों के लोग लाठी-डंडे दिए हाईवे पर खड़े हैं और जगह-जगह टायर जला दिए हैं। कई किलोमीटर में वाहन फंस गए हैं।
वहीं आज चित्तौड़गढ़ में क्षत्राणियों ने चित्तौड़ दुर्ग में जबरन प्रवेश करने का भी प्रयास किया। वे चित्तौड़ दुर्ग में स्थित जौहर स्थल जाना चाहती थीं। रानी पद्मिनी ने 16000 रानियों व अन्य महिलाओं के साथ यहीं जौहर किया था। पुलिस ने मामला बिगड़ता देख क्षत्राणियों को मुख्य गेट से वापस लौटाने के लिए रोका, तो काफी कहासुनी हो गई। इसके बाद पुलिस ने महिलाओं को जबरन वापस लौटा दिया।
जयपुर शहर के नजदीक कालवाड़ रोड पर मुंबई-दिल्ली हाइवे जाम है। प्रदर्शन कर रहे ये कार्यकर्ता श्री राजपूत करणी सेना के बताए जा रहे है। इसके थोड़ी दूर दूसरी जगह इसी हाईवे पर 200 फीट चौराहे के पास बाईपास रोड पर भी टायर फूंके दिए हैं और जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इससे राजधानी जयपुर में आने और बाहर जाने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
हाइवे पर प्रदर्शन से भारी वाहनों का कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया।गौरतलब है कि पद्मावत फिल्म के रिलीज को लेकर विरोध में उतरी श्री राजपूत करणी सेना और श्री राजपूत राष्ट्रीय करणी सेना और अन्य सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने 25 जनवरी को जनता कफर्यू लगाने की घोषणा की थी।
पुलिसकर्मियों की छुट्टियां कैंसिल
विरोध प्रदर्शन तेज, हाइवे किया जाम
- फोटो : Vishnu Sharma
साथ ही, प्रदेश में हर हाल में सिनेमाघरों में मूवी के प्रदर्शन को रुकवाने के लिए किसी भी सीमा तक जाने की चेतावनी दे डाली थी। इसे लेकर पिछले कई दिनों से राजस्थान और आसपास के राज्यों में हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं।
इसे लेकर जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां कैंसिल कर दी गई है। आगामी आदेशों तक पुलिसकर्मियों की छुट्टियों पर प्रतिबंध लगा दिया है। वहीं, कानून व्यवस्था बनाए रखने और राजपूत नेताओं को पाबंद करने के लिए नोटिस जारी करने का निर्णय लिया गया है।
आशंका जताई जा रही है कि अगले कुछ घंटों में पुलिस प्रदर्शन को हवा दे रहे बड़े राजपूत नेताओं की गिरफ्तारी भी हो सकती है, या फिर वे खुद अपनी गिरफ्तारी दे सकते है।