पुलिस ने छापा मारकर सट्टा कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से रुपए, लैपटॉप और एक दर्जन से ज्यादा मोबाइल जब्त किए हैं।
जानकारी के अनुसार, अलवर शहर के शिवाजी पार्क थाना पुलिस ने बीती देर रात ये कार्रवाई की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक मकान में सट्टा कारोबार चल रहा है। इस पर पुलिस ने शिवाजी पार्क के पास ब्लॉक पांच स्थित एक मकान में छापामार कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
इनके पास से एक लाख 36 हजार रुपए, 4 लैपटॉप और 15 मोबाइल बरामद किए हैं। थानाधिकारी विनोद सामरिया ने बताया कि ऑनलाइन सट्टा लगाते हुए जसवंत सिंह चौहान, गोलू, महेश और सुरेश चौहान को गिरफ्तार किया है। कम्प्यूटर की हार्ड डिस्क भी बरामद की गई है। जिसकी जांच के बाद पता चल सकेगा कि गैंग के द्वारा अब तक कितने रुपए का ऑनलाइन सट्टा कारोबार किया गया है।