बाड़मेर में पुलिस ने बुधवार अलसुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम के दूध सहित एक जने को गिरफ्तार किया है। अफीम दूध की कीमत करीब पांच लाख रुपए है। यानि की एक लीटर अफीम के दूध की कीमत करीब सवा लाख रुपए होती है।
पुलिस अधीक्षक गगनदीप सिंगला के निर्देशानुसार धोरीमन्ना थानाधिकारी सुरेश सारण के नेतृत्व में टीम गठित कर मुखबिर की सूचना पर अरणियाली फांटा पर नाकाबंदी की। इस दौरान पुलिस ने खोटावास अरणियाली के रहने वाले केसाराम की शक के आधार पर तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपित के कब्जे से 4 किलो अफीम का दूध बरामद किया। पुलिस ने इसकी कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई है। पुलिस ने एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपित से पूछताछ जारी कर दी है। आशंका जताई जा रही है पूछताछ में अफीम से जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।
गौरतलब है कि अफीम में 12 फीसदी तक मार्फीन पाया जाता है। इसे प्रॉसेस करके हैरोइन तैयार की जाती है। जो अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों रुपए में बिकती है। अफीम का दूध निकालने के लिए उसके कच्चे फल में एक चीरा लगाया जाता है। यह लसीला होता है। इस साल राजस्थान में अफीम की बम्पर पैदावार हुई है।