अलवर की एनईबी थाना पुलिस ने शादी समारोह में ढोल बजाने वाले एक शख्स को गिरफ्तार किया है। आरोपित मौका पाकर मोबाइल व नकदी चोरी की वारदात को अंजाम देता था। पुलिस ने इसके कब्जे से 3600 रुपए भी बरामद किए हैं।
एनईबी थानाधिकारी देवेंद्र प्रताप ने बताया कि आरोपित सूर्य नगर निवासी सुनील राणा है। सुनील शादी समारोह में ढोल बजाने का काम करता है। इसी दौरान आरोपित समारोह में ढोल बजाने के बहाने घरों में जाकर रैकी करता और चोरी की वारदात को अंजाम देता है। पिछले कुछ दिनों से एनईबी थाना क्षेत्र में इस तरह शादी समारोह में चोरी की सूचनाएं मिल रही थी, इस पर पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। इसी दौरान शक के आधार पर जब आरोपित सुनील को सूर्य नगर मोड़ से गिरफ्तार किया गया। सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने वारदात करना स्वीकार कर लिया।