शादी के महज पांच माह बाद ही एनएसजी कमांडों की पत्नी ने देर रात घर के आंगन में लोहे के एंगल से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मरने से पहले उसके हाथ की कलाई पर लिखा था- मैं घर का कामकाज नहीं संभाल सकती।
सवेरे शव लटका देखकर स्थानीय लोगों में सनसनी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को उतरवा कर मोर्चरी पहुंचाया। यह मामला है राजधानी जयपुर के आमेर थाना इलाके का। यहां दायला की ढाणी में रहने वाला भीमराज सैनी एनएसजी में कमांडो ट्रेनर है।
उसकी पोस्टिंग दिल्ली में है और करीब पांच माह पहले ही भीमराज की शादी मीना (24) से हुई थी। शादी के बाद कुछ दिनों तक मृतका मीना अपने पति भीमराज के साथ दिल्ली में रही। इसके बाद जयपुर आ गई। जानकारी के अनुसार करीब चार माह पहले भीमराज भी छुट्टी लेकर जयपुर आ गया।
ससुराल वालों की नींद खुली तब...
demo pic
- फोटो : अमर उजाला
कल रात को मीना कमरे में सोने चली गई। अन्य परिजन भी सो गए। आज सवेरे उसके ससुराल वालों की नींद खुली तब मीना कमरे में नजर नहीं आई। परिजनों ने बाहर आकर देखा तो मीना घर के आंगन में छत की रेलिंग से साड़ी के फंदे पर लटकी नजर आई।
यह देखकर परिजन होश खो बैठे। वहां चीख-पुकार मच गई। तब आसपास के लोग भी वहां इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने पर आमेर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को फंदे से उतारा और मोर्चरी में रखवाया। आमेर थाना पुलिस के मुताबिक बारीकी से हुई पड़ताल के दौरान मीना के हाथ की कलाई पर लिखा था- मैं घर का काम-काज नहीं संभाल सकती। केस की जांच एसडीएम को सौंपी जाएगी। फिलहाल खुदकुशी के पुख्ता कारणों के बारे में खुलासा नहीं हुआ है।