एक एनआरआई की जमीन के फर्जी व कूटरचित दस्तावेज तैयार कर बेचने व खरीदने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन्हें आज कोर्ट में पेश कर पुलिस ने दो दिन के रिमांड पर लिया।
हरमाड़ा थाना थानाप्रभारी लाखन सिंह खटाना ने बताया कि लक्ष्मणगढ़, सीकर निवासी गिरफ्तार आरोपी ताराचन्द मील व मुरलीपुरा स्कीम, जयपुर निवासी जाकिर हुसैन है। आरोपियों के खिलाफ पिछले साल अक्टूबर में एनआरआई मनोज परवाल ने मुकदमा दर्ज करवाया था कि सीकर रोड पर उनकी पत्नी शारदा परवाल के नाम से 6 दुकान व एक प्लॉट था। जिसके इन बदमाशों ने फर्जी दस्तावेज बनाकर जाकिर हुसैन के नाम करवा लिया। इसके बाद इसे बेच दिया।
जब उन्हें इसकी जानकारी मिली तब पुलिस उच्चाधिकारियों से मिलकर पीड़ा जाहिर की। तब हरमाड़ा थाने में मुकदमा दर्ज करवाया। बताया जा रहा है कि इस षडयंत्र में शामिल तीन और लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ताराचन्द नवलगढ़ कॉलेज में एक छात्र की हत्या के मामले में जेल जा चुका है। उनसे पूछताछ की जा रही है।