जोधपुर जिले के लोहावट थाना इलाके के सामराऊ गांव में आपसी रंजिश के चलते एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। हत्या की सूचना के बाद लोहावट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शराब के कारोबार को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा था। इसको लेकर भेड़ के मानसागर निवासी हनुमान राम जाट और कुछ युवकों में झगड़ा हो गया। इस दौरान हनुमान ने फायरिंग की और गाड़ी में सवार होकर भागने लगा। इस पर आरोपियों ने भी गाड़ी में सवार होकर उसका पीछा किया और हनुमान की गाड़ी को टक्कर मार दी। इसके बाद हनुमान गाड़ी छोड़कर भागने लगा तो आरोपियो ने गाड़ी से उसको टक्कर मार दी। जिससे हनुमान जाट ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हत्या की सूचना के बाद मृतक के समाज के लोग और परिजन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक शव को उठाने से इनकार कर दिया। समाज के लोग ओर परिजन अभी भी शव के साथ मौके पर ही बैठे हुए है। फिलहाल पुलिस के अधिकारी भी परिजनों और समाज के लोगो से समझाइश कर रहे हैं।