ऊना।
क्षेत्र के डंगोली गांव में पुलिस की एसआईयू टीम ने छापेमारी के दौरान अवैध शराब और नशीली दवाओं की खेप बरामद की। गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 10 बोतलें अवैध शराब और करीब स्पास्मो प्रॉक्सिवॉन प्लस के 1728 कैप्सूल बरामद किए। पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर पुलिस के एसआईयू विंग ने अपर डंगोली स्थित एक स्टोर में छापेमारी कर दी। बताया जा रहा है कि भवन मालिक ने यह स्टोर किराए पर दिया है। काफी देर तक किराएदार का इंतजार करने के बाद पंचायत सदस्यों की मौजूदगी में ताला तोड़ कर अंदर तलाशी ली गई।
इस दौरान करीब 10 बोतल अवैध शराब और 1728 नशीले कैप्सूल बरामद किए गए। इसे देख सभी के होश फाख्ता हो गए। एसपी दिवाकर शर्मा ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह अवैध शराब और दवाइयों की खेप कहां से आई, इस बारे में पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान जारी रहेगा।