जोधपुर जेल के बाद अब अजमेर जेल सुर्खियों में आई है। यहां कैदियों के पास से पुलिस ने मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
अजमेर सेन्ट्रल जेल के बैरक नम्बर 10 और 11 के कैदियों के पास तीन मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने तीन कैदियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जेल अधीक्षक संजय यादव ने जेल में सघन चैकिंग अभियान चलाया, जिसके तहत सभी बैरकों को खंगाला गया। जांच के दौरान बैरक नम्बर 10 और 11 में तीन कैदियों के पास मोबाइल मिले।
तीनों मोबाइल जप्त कर सिविल लाइन थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिए गए। थानाधिकारी करण सिंह ने बताया कि कैदी सुरेश, सलमान और विजय उर्फ मोटा के विरुद्ध कारागार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जेल में मोबाइल मिलना जेल प्रबंधन पर भी सवालिया निशान खड़ा करता है कि आखिर बैरक में ये मोबाइल कैसे पहुंचे।
आपको बता दें कि पूर्व में भी जेल से मोबाइल, नशे का सामान सहित कई आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद हुई है। हाल ही में कैदियों के परिजनों ने जेल में सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए मोटी रकम मांगने का आरोप भी जड़ा था।