गिरफ्तार आरोपी हेमचंद उर्फ हेमराज
- फोटो : Vishnu Sharma
जयपुर ग्रामीण इलाके के मनोहरपुर थाना इलाके में एक नाबालिग किशोरी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सगे बड़े भाई की हत्या करवा दी। हत्या की वजह भाई के प्रेमप्रसंग में बाधक बनने की आई है।
मामले की जांच करते हुए कुछ घंटों के भीतर ही पुलिस आरोपी बहन और उसके प्रेमी तक पहुंच गई और उन्हें हिरासत में ले लिया तब हकीकत पता चलने पर लोकलज्जा और अवसाद में आकर आरोपी बेटी के पिता ने बुधवार को कुएं में कूदकर खुदकुशी कर ली। जयपुर ग्रामीण एसपी डॉक्टर रामेश्वर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी हेमचंद उर्फ हेमराज यादव है। वह सीकर जिले की अजीतगढ़ तहसील में ढेहरा की ढाणी तन मड्डूस्या का रहने वाला है। पिछले कुछ अरसे से उसका केशवा की ढाणी, भुरानपुरा निवासी कालूराम यादव की नाबालिग बेटी से प्रेमप्रसंग चल रहा था।
इसकी भनक कालूराम के 20 वर्षीय बेटे सोहनलाल उर्फ सोनू को लग गई। उसने एतराज जताना शुरु कर दिया। तब प्रेमप्रसंग में बाधक बने भाई सोहनलाल को रास्ते से हटाने के लिए आरोपी बहन और उसके प्रेमी आरोपी हेमचंद ने हत्या की साजिश रची। दोनों ने 28 मई को देर रात खेत में सो रहे सोहनलाल के सिर व गर्दन पर धारदार वस्तु से वारकर हत्या कर दी और वहां से चले गए।
अगले दिन हत्या का पता चलने पर गांव में रोष व्याप्त हो गया। तब मनोहरपुर थानाप्रभारी उमेश बेनीवाल, सीओ शाहपुरा भागचंद और प्रशिक्षु आरपीएस दिनेश कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अनुसंधान शुरु किया।
पूछताछ और आसपड़ौस के लोगों से हुई पूछताछ के बाद आरोपी हेमराज और सोहनलाल की बहन के प्रेमप्रसंग की जानकारी भी मिली। तब पुलिस ने हेमचंद और उसकी बहन को पकड़कर पूछताछ की तो हत्या करना स्वीकार कर लिया।
लेकिन इसी बीच मंगलवार देर रात बेटी और उसके प्रेमी के द्वारा मिलकर बेटे सोहनलाल की हत्या की जानकारी उनके पिता कालूराम यादव को मिली तो वे लोकलज्जा और अवसाद में आ गए। इसके बाद बुधवार तड़के कुएं में कूदकर खुदकुशी कर ली।