गिरफ्तार आरोपी पीली चैक शर्ट में
- फोटो : Vishnu Sharma
मध्यप्रदेश से एक युवक का अपहरण कर 70 लाख रुपए की फिरौती मांगने की सनसनीखेज वारदात में शामिल एक आरोपी को राजस्थान में बारां जिले की पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है।
एसपी बारां डीडी सिंह ने बताया कि गिरफ्तार सोहन मीणा बारां जिले में मोठपुर थाना इलाके में रहता है। उसे एमपी पुलिस को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश में 1 जून को रात करीब पौने आठ बजे अज्ञात गिरोह ने भैंसोदा व गोविंदखेड़ा गांव के बीच भैंसोदा निवासी त्रिलोक पाटीदार का अपहरण कर लिया था। 3 जून को उसके परिजनों ने एमपी के भानपुरा थाने में मुकदमा दर्ज करवाया। इसके बाद भानपुरा थाना पुलिस ने कोटा पुलिस के सहयोग से अपहृत त्रिलोक को कोटा शहर में महावीर नगर थाना इलाके में एक मकान से मुक्त करवाया।
जिस जगह से त्रिलोक पाटीदार को मुक्त करवाया गया। वहां तलाशी के दौरान पुलिस को एक रिज्यूम मिला। जिसमें हनुवंतखेड़ा निवासी सोनू मीणा का नाम व उसकी जानकारी लिखी थी। इसके बाद मध्यप्रदेश पुलिस बारां पहुंची। यहां एएसपी मनोज चौधरी के निर्देशन में कवाईं थानाप्रभारी दलबीर फौजदार और पुलिस टीम ने कवाईं क्षेत्र के हनुवंतखेड़ा गांव में सोमवार रात को अभियान चलाकर सोनू मीणा को पकड़ा।
पुलिस पूछताछ में सोनू ने अपना रिज्यूम नौकरी के लिए बारां के मुसैन गांव निवासी अपने परिचित सोनू उर्फ सोहनलाल को देना बताया। तब कवाईं थानाप्रभारी दलबीर सिंह व मोठपुर थानाप्रभारी दलपत सिंह की टीम ने आधी रात को मुसैनमाता गांव में दबिश देकर सोहन मीणा उर्फ सोनू को दबोच लिया। मंगलवार तक हुई पूछताछ में सोहन ने अपहरण में शामिल होने और वारदात के पहले बाइक से त्रिलोक की गतिविधियों की रैकी करना बताया। तब सोहन मीणा को गिरफ्तार कर मध्यप्रदेश पुलिस ले गई।