रॉयल और बड़ी शादियों के लिए पहचान रखने वाले शहर के इस नामचीन मैरिज गार्डन में आग बुझाने के पर्याप्त संसाधन नहीं थे। यही कारण है कि आज दोपहर गैस वेल्डिंग के दौरान चिंगारियों ने भीषण आग का रूप ले लिया।
यह हादसा हुआ जयपुर में जवाहर सर्किल स्थित जाने-माने एंटरटेनमेंट पैराडाइज (ईपी) स्थित रोज मैरिज गार्डन में। जहां आज दोपहर करीब 3 बजे भीषण आग लग गई। आग की लपटों ने चंद मिनटों में ही पूरे मैरिज गार्डन को चपेट में ले लिया।
करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद एक दर्जन से ज्यादा दमकलों ने आग पर काबू पाया। जिसमें नगर निगम और सिविल डिफेंस के बेड़े में शामिल दमकलों के अलावा जयपुर एयरपोर्ट पर तैनात दमकलों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।
लकड़ी, कपड़े और थर्माकोल से बने डोम को लिया चपेट में
एक दर्जन से ज्यादा दमकलों ने आग पर काबू पाया
- फोटो : Vishnu Sharma
मैरिज गार्डन में लगी आग ने लकड़ी, कपड़े और थर्माकोल से बने डोम को चपेट में ले लिया। इससे वहां मौजूद कर्मचारियों और लोगों को आग बुझाने का मौका तक नहीं मिला। कुछ ही देर में काला धुआं आसपास के इलाके में फैल गया।
इससे जवाहर सर्किल और मैरिज गार्डन के आसपास काफी संख्या में राहगीर और तमाशबीनों की भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों के मुताबिक आग की लपटों के बीच ही मैरिज गार्डन से धमाकों की आवाजें भी सुनाई दी। माना जा रहा है कि वहां गैस सिलेंडर भी फटे, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। वहीं, आसपास के मकानों को नुकसान होने की भी जानकारी मिली है।
संचालक ने नहीं ली एनओसी
मैरिज गार्डन में आग से फैला काला धुंआ
- फोटो : Amar Ujala
सूचना मिलने पर डीसीपी पूर्व कुंवर राष्ट्रदीप, जयपुर नगर निगम आयुक्त रवि जैन और फायर आॅफिसर जलज घसिया समेत आला प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
निगम आयुक्त जैन के मुताबिक प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया कि मैरिज गार्डन संचालक ने फायर के लिए अग्निशमन विभाग व निगम से एनओसी नहीं ले रखी थी। इसी तरह वहां आग बुझाने के संसाधन भी पर्याप्त नहीं थे। इससे समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जा सका। निगम आयुक्त ने मैरिज गार्डन संचालक के खिलाफ कार्रवाई करने की बात भी कही।