नकाबपोश बदमाश बीती देर रात पंजाब नेशनल बैंक के एक एटीएम को ही उखाड़कर भाग निकले। इस एटीएम में उस वक्त करीब 20 लाख रुपए रखे थे।
यह वारदात राजधानी जयपुर के जमवारामगढ़ थाना इलाके में हुई। यहां खवारानीजी गांव में बस स्टैंड के पास मुख्य बाजार में पंजाब नेशनल बैंक का एटीएम है। इस एटीएम के रखरखाव और सुरक्षा की जिम्मेदारी एक निजी कंपनी के पास थी।
आज तड़के स्थानीय लोग वहां से गुजरे तो एटीएम गायब मिला। इसकी सूचना जमवारामगढ़ थाना पुलिस को दी। जयपुर ग्रामीण के एडिशनल एसपी ज्ञानचंद यादव, सीओ शीला फोगावट समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। वारदात में किसी शातिर गिरोह का हाथ माना जा रहा है।
सीसीटीवी फुटेज में नजर आया यह सबकुछ
सीसीटीवी की फुटेज में नजर आया एक लुटेरा
- फोटो : Vishnu Sharma
मौके ही डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम को बुला लिया गया। दूसरी तरफ, एटीएम लूट की खबर फैलते ही मौके पर काफी संख्या में स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए। पुलिस ने बाजार और एटीएम में लगे सीसीटीवी की फुटेज को खंगाला।
जिसमें सामने आया कि वारदात देर रात 1:40 बजे हुई। काले रंग की एक कैंपर गाड़ी खवारानीजी गांव पहुंची। जिसमें सवार चार—पांच बदमाशों ने शातिराना तरीके से पहले सीसीटीवी को ढक दिया। इससे एक लुटेरा नजर आया, लेकिन उसने नकाब पहन रखा था।
सीसीटीवी बंद करने के बाद बदमाशों ने अपने साथ लाए उपकरणों से 20 लाख रुपयों से भरा एटीएम को उखाड़ लिया और उसे कैंपर गाड़ी में डालकर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले भी पीएनबी के इस एटीएम से अज्ञात बदमाशों ने छेड़छाड़ कर रुपए लूटने का प्रयास किया था, लेकिन तब बदमाश पकड़े नहीं जा सके थे।