बाड़मेर में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब से भरे एक ट्र्रक को पचपदरा में पारस सर्किल के पास नाकाबंदी के दौरान पकड़ लिया। जिसमें रखे 630 कार्टन जब्त कर लिए। इसके अलावा पुलिस ने इस ट्रक को एस्कोर्ट कर रहे कार सवार चार जनों को भी गिरफ्तार किया है। उनकी गाड़ी से अवैध शराब के 10 कार्टन बरामद किए है। जब्त शराब की कीमत करीब 30 लाख रुपए आंकी जा रही है।
बाड़मेर एसपी गगनदीप सिंगला ने बताया कि जोधपुर की तरफ से आ रही सफेद रंग की कार को नाकाबंदी के दौरान रुकवा कर चैक किया तो डिक्की में अवैध शराब के 10 कार्टून रखे मिले। संदेह होने पर पुलिस ने इसी कार के पीछे आ रहे ट्रक को भी रुकवा कर तलाशी ली। तिरपाल को हटाकर देखने पर उसमें चण्डीगढ़ व हिमाचल प्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब के 630 कार्टून भरे हुए पाये गये। तब पचपदरा थाना पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर धारा 14/57, 19/54, 54क, 54 डी आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया।
एसपी सिंगला ने बताया कि चितलवाना निवासी गिरफ्तार आरोपी प्रकाश कुमार विश्नोई और गांव खारा, करड़ा जिला जालोर निवासी सुरेश कुमार विश्नोई है, जो कि स्विफ्ट कार में ट्रक को एस्कार्ट कर रहे थे। वहीं, गिरफ्तार ट्रक ड्राइवर मंगतराम निवासी संतनगर अबोहर जिला फाजिल्का और ध्यानसिंह निवासी शहीद भगतसिंह नगर, जिला अबोहर, फाजिल्का पंजाब का रहने वाले है। उन्होंने पूछताछ में ट्रक में भरी शराब को हरियाणा में हिसार से लेकर गुजरात जाना बताया है। एसपी सिंगला के मुताबिक यह कार्रवाई पचपदरा थानाप्रभारी देवेन्द्र सिंह कविया के नेतृत्व में की गई।