पाली जिले में नाणा थाना पुलिस ने अवैध डोडा—पोस्त से भरी एक मारूति वेन को जब्त कर उसमें सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक पाली दीपक भार्गव ने बताया कि वेन चालक गिरफ्तार आरोपी नाना सिराज खान उम्र 28 साल निवासी नवाणीयान थाना वल्लभनगर जिला उदयपुर का है। जबकि दूसरा आरोपी हरीश जाट उम्र 22 साल है। वह कोलु थाना बायतु जिला बाड़मेर का रहने वाला है।
नाणा थानाधिकारी नारायणराम को मुखबिर से सूचना मिली कि आरजे 27 यूबी 8722 नंबर की एक मारुति वेन कार में दो युवक सवार है और उस गाड़ी में अवैध रुप से लाया गया डोडा पोस्त भरा हुआ है। वह वेन लालपुरा, लुन्दाड़ा होते हुए आगे निकल सकते है। तब थानाप्रभारी ने लुन्दाडा-चामुण्डेरी रोड पर गौतम ऋषि महोदव जाने वाले कच्चा रास्ते व एक अन्य मार्ग पर नाकाबन्दी करवाई। इस दौरान उस नंबर की वेन कार आते हुए नजर आई।
पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रुकवाया और उसमें मौजूद आरोपियों से पूछताछ के बाद तलाशी ली। तब कार में भरे प्लास्टिक व बारदाना के भरे हुए कट्टे नजर आए। संदेह होने पर पुलिस ने कट्टों को खोलकर देखा जिसमें अवैध डोडा पोस्त भरा हुआ था। कार में करीब 75 किलो के डोडा पोस्त समेत तीन बोरियां व दो प्लास्टिक के कट्टे भरे हुए थे। दोनों आरोपियों हरीश व सिराज खान को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है।