जयपुर के भांकरोटा इलाके में प्रोपर्टी कारोबारी के मकान पर फायरिंग कर फरार हुए एक आदतन बदमाश को भांकरोटा थाना पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया।
डीसीपी अशोक कुमार गुप्ता के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी श्रवण कुमार सोनी है, जो कि हिस्ट्रीशीटर है। कुछ माह पहले जमानत पर जेल से बाहर आया था। उसकी भांकरोटा में केसरीचन्द चौधरी नगर निवासी प्रोपर्टी व्यवसायी रामेश्वर कुमावत से रुपयों के लेनदेन को लेकर आपसी रंजिश चल रही थी। इसके चलते 3 मई को श्रवण सोनी बाइक से रामेश्वर कुमावत के घर पहुंचा। जहां वह ताबड़तोड़ फायरिंग कर भाग निकला था।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची भांकरोटा थानाप्रभारी हेमेंद्र शर्मा और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे थे। तब मौके से तीन कारतूस बरामद हुए थे। वारदात के वक्त प्रोपर्टी कारोबारी का मकान सूना था। इससे कोई अनहोनी नहीं हुई। वारदात के वक्त स्थानीय लोगों ने बताया था कि दोपहर करीब एक बजे चेहरे पर कपड़ा बांधे हुए एक युवक बाइक पर आया और रामेश्वर कुमावत के घर पर तीन गोलियां चला दी। इसके बाद वहां से भाग निकला। यह गोलियां पहली मंजिल पर रेलिंग से टकराई।
रामेश्वर के बेटे पवन व रोहित ने बताया कि सोढ़ाला स्थित उनके प्रोपर्टी के ऑफिस में श्रवण सोनी मोटी रकम वसूलने के लिए धमकियां दे रहा था। इस संबंध में रोहित ने सोढ़ाला थाने में रिपोर्ट भी दी थी। इसके बाद श्रवण सोनी ने बजाज नगर इलाके में एसएल कट रोड पर रोहित कुमावत की सफारी कार को रुकवा कर फायरिंग कर दी थी। जिसमें भी रोहित बच निकला था। उसने बजाज नगर थाने में मुकदमा दर्ज करवाया था।