फेसबुक पर भी लोग इसे नेपाल के उपराष्ट्रपति के सलाहकार के रुप में जानते हैं
- फोटो : amar ujala
एक हिस्ट्रीशीटर ने ऐसा काम किया कि खुद पुलिस को उसके सामने झुककर उसे सलाम ठोकना पड़ा। दरअसल कथित तौर से अपने आप को नेपाल के उपराष्ट्रपति के राजनीतिक व सांस्कृतिक सलाहकार बताने वाले महावीर प्रसाद टोरडी के खिलाफ सीकर के कोतवाली थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।
एएसपी तेजपाल सिंह ने बताया कि महावीर प्रसाद टोरडी ने एक ईमेल के जरिए पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी कि वे स्टेट गेस्ट हैं और सीकर आ रहे है। स्टेट गेस्ट मानते हुए सीकर पुलिस ने महावीर प्रसाद की गाड़ी को एस्कॉर्ट मुहैया कराई तथा उन्हें गार्ड आॅफ आॅनर भी दिया गया।
मामले का खुलासा होने के बाद पता चला कि जिसे उन्होंने एस्कॉर्ट किया और गार्ड अॉफ अॉनर दिया, वह तो नामी हिस्ट्रीशीटर है। एेसे में पुलिस की स्थिति 'काटो तो खून नहीं' वाली बन गई है।
इस नामी हिस्ट्रीशीटर ने की प्रेसकॉन्फ्रेंस भी
हर जगह लोगों टोरडी को नेपाली उपराष्ट्रपति के सलाहकार के तौर पर ही जानते हैं
मजे की बात यह है कि सीकर के सर्किट हाउस में महावीर प्रसाद ने प्रेस वार्ता भी की। आज पुलिस द्वारा छानबीन में सामने आया कि टोरडी स्टेट गेस्ट नहीं थे, बल्कि पुलिस को गलत सूचना देकर उन्होने सीकर पुलिस को गुमराह किया है इसपर टोरडी के खिलाफ कोतवाली थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया।
कुल मिलाकर टोरडी ने धोखाधड़ी करते हुए सीकर पुलिस को गुमराह कर दिया और गार्ड आॅफ आॅनर जैसा सम्मान भी पाया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। बताया गया है कि टोरडी जयपुर के करणी विहार थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है जिसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।