भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) बारां की टीम ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए एक ग्राम सचिव को 23 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो महानिरीक्षक वीके सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रामलाल कुम्हार है। वह ग्राम पंचायत-छीनोद, तहसील किशनगंज, जिला बारां के ग्राम सचिव है।
उसके खिलाफ परिवादी चौथमल मीणा ने एसीबी में शिकायत दी थी। जिसमें बताया कि ग्राम पंचायत छीनोद के ग्राम सचिव रामलाल कुम्हार द्वारा मेरे से 23 हजार रुपय रिश्वत की मांग कर रहा है। रिश्वत की यह रकम चौथमल को सरकार द्वारा मिलने वाली सहायता राशि के बिल पास करने की एवज में मांगी जा रही है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बारां राजेंद्र सिंह गोगावत के नेतृत्व में उक्त मांग का सत्यापन करवाया गया। इसके बाद मंगलवार को परिवादी चौथमल को ग्राम सचिव रामलाल कुम्हार के पास रिश्वत की रकम लेकर भेजा गया। ज्योंही आरोपी ने 23 हजार रूपए की रिश्वत लेकर रखी। तभी ईशारा मिलने पर रामलाल को एसीबी की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।