भीड़ के हमले में बुरी तरह घायल हुआ आरोपी राजेन्द्र
- फोटो : amar ujala
जयपुर के आमेर थाना इलाके में एक 11वीं क्लास की लड़की को सिरफिरे आशिक द्वारा कैंची से गोदने का मामला सामने आया है।
मामले के अनुसार 11वीं में पढ़ने वाली छात्रा को उसी की गली में रहने वाले युवक ने शादी करने की बात से मना कर देने पर कैंची से हमला कर दिया। शनिवार सुबह सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा परीक्षा देकर घर लौट रही थी तो उसका परिचित युवक राजेन्द्र सिंह उसके स्कूल के समीप पहुंच गया और लड़की पर कैंची से वार कर दिया। हमले में बुरी तरह से घायल छात्रा ने भी अपने बचाव में लड़के के सिर पर पत्थर से जोर की दे मारी जिसके बाद युवक भी घायल हो गया।
घटना के दौरान आसपास काफी भीड़ जमा हो गई और भीड़ ने युवक की मौके पर ही लाठियों से जमकर पिटाई कर डाली और युवक बुरी तरह से घायल कर दिया। दोनों को पास ही के स्वास्थय केंद्र ले जाया गया जहां बाद में छात्रा को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई लेकिन आरोपी राजेन्द्र को शहर के सवाई मानसिंह अस्पताल रैफर कर दिया गया जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने मौके से कैंची बरामद करते हुए राजेन्द्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है वहीं मामले की प्राथमिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि आरोपी राजेन्द्र और छात्रा का काफी समय से मिलना जुलना था जिसके बाद पुलिस पूरे मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रही है।