जयपुर के बरकत नगर इमली वाला फाटक स्थित बंसल अस्पताल में भर्ती मरीज रतन सैनी की मृत्यु होने से 19 मई को उपजे हंगामे और डॉक्टर अजय बंसल से मारपीट के बाद पुलिस ने दो और आरोपियों को शनिवार रात को गिरफ्तार कर लिया। इसके पहले दो आरोपी गिरफ्तार हो चुके है।
डीसीपी साउथ योगेश दाधीच ने बताया कि बंसल अस्पताल के संचालक डाॅक्टर अजय बंसल के साथ मृतक रतन सैनी के परिजनों द्वारा मारपीट की गई। इस संबंध में थाना ज्योतिनगर पर मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान किया गया। मामले की गम्भीरता को देखते हुये विभिन्न टीमों का गठन किया। जिन्होंने 24 मई को आरोपी मुकेश सैनी, अगले दिन आरोपी जितेन्द्र उर्फ कान्हा सैनी एवं शनिवार रात को सुरेश सैनी एवं प्रभु नारायण उर्फ विमल को गिरफ्तार किया गया। डीसीपी दाधीच ने बताया कि मामले में अनुसंधान जारी है। शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है।
मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर निजी अस्पताल संचालकों की ओर से शनिवार रात को जयपुर में मेडिकल कार्यों का बहिष्कार किया गया था। देर शाम को एसएमएस मेडिकल कॉलेज के बाहर से गांधी सर्किल तक कैंडल मार्च निकाला गया। वहीं दूसरी तरफ, मृतक रतन सैनी के परिजनों की ओर से डॉक्टर बंसल और अन्य के खिलाफ लापरवाही से मौत का मुकदमा दर्ज करवाया गया था। लेकिन अभी तक उस मुकदमे में आरोपी पक्ष के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिससे रतन सैनी के परिवार और स्थानीय व्यापारी भी लामबंद हो गए थे। उन्होंने भी विरोध जारी रखा और बाजार तक बंद कर विरोध जताया।