नोएडा:कॉल सेंटर, जहां पुलिस ने कार्रवाई की
- फोटो : Vishnu Sharma
शेयर कारोबार में निवेश का झांसा देकर आॅनलाइन ठगी की वारदात करने वाले एक गिरोह पर जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच ने शिकंजा कसकर पांच आरोपियों को बृहस्पतिवार को नोएडा में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के अलावा क्राइम ब्रांच की टीम ने कॉल सेंटर के संचालक समेत करीब 25 से ज्यादा कर्मचारियों को पूछताछ के लिए पकड़ा है।
जयपुर कमिश्नरेट में डीसीपी क्राइम डॉक्टर विकास पाठक के अनुसार क्राइम ब्रांच की गुरुवार को यह छापामार कार्रवाई नोएडा में चल रहे एक कॉल सेंटर पर की गई। जहां पिछले लंबे अरसे से टेलीकॉलिंग के जरिए साइबर ठगी की वारदात के लिए लोगों को फंसाया जा रहा था। यह कार्रवाई एसीपी इंस्वेस्टिगेशन पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में की गई। डीसीपी क्राइम विकास पाठक ने बताया कि पिछले दिनों भगवान सहाय नाम के व्यक्ति ने अशोक नगर थाने में एक मुकदमा दर्ज करवाया था।
एफआईआर में बताया कि कुछ समय पहले उनके मोबाइल पर फोन आया था। टेलीकॉलिंग कर रहे युवक व युवतियों ने भगवान सहाय को शेयर कारोबार में निवेश पर मोटा मुनाफा कमाने का प्लान बताया। कॉल सेंटर से युवक व युवतियों के कई बार फोन आए। जिससे भगवान सहाय उनकी बातों में आ गए और आरोपियों के बताए गए बैंक खातों में करीब 40 लाख रुपए जमा करवा दिए।
परिवादी भगवान सहाय के मुताबिक उन्होंने यह रुपए नोएडा स्थित एक कॉल सेंटर संचालक कंपनी के कहने पर जमा करवाए थे। जिन्होंने बाद में संपर्क करना बंद कर दिया। अशोक नगर थाने में दर्ज इस मुकदमे की अनुसंधान क्राइम ब्रांच जयपुर में एसीपी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने शुरु की।
इसके बाद क्राइम ब्रांच टीम ने तकनीकी आधार पर पड़ताल कर गुरुवार को नोएडा में चल रहे कॉल सेंटर पर छापा मारकर संचालक समेत पांच जनों को हिरासत में ले लिया। इसके अलावा वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों को पूछताछ के लिए पकड़ा। आरोपियों के जयपुर पहुंचने पर ही मामले में ज्यादा खुलासा हो सकेगा।