ट्रेन के सफर के बीच पति-पत्नी का झगड़ा उनके पांच साल के मासूम बच्चे और पुलिस के लिए सिरदर्द बन गया।
यह मामला राजस्थान के दौसा रेलवे स्टेशन का है। जानकारी के अनुसार ट्रेन में सफर कर रहे एक तमिल दम्पती के बीच आपस में किसी बात पर जोरदार विवाद हो गया। वे दौसा स्टेशन पर उतरे तो मनमुटाव और बढ़ गया। इस झगड़े में पति-पत्नी अपने पांच साल के बच्चे को स्टेशन पर ही छोड़ कर अलग-अलग बोगी में जाकर बैठ गए।
मां-बाप के झगड़े की शामत मासूम बच्चे पर आ गिरी। वह रोते बिलखते स्टेशन पर इधर-उधर भटकता रहा। स्टेशन पर अपनी ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों ने जब बच्चे को रोते हुए और भटकते हुए देखा, तो उनका दिल पसीज गया। इन यात्रियों में से एक यात्री ने जीआरपी को सूचना देकर बच्चे को उनके सुपुर्द कर दिया।
जब पुलिस ने की बच्चे से बात, तो खड़ी हो गई एक और समस्या
station
पुलिस ने बच्चे को अपने कब्जे में ले लिया और उसे मनाने के लिए खाने-पीने की चीजें दीं। इससे बच्चा चुप हो गया। लेकिन पुलिस ने बच्चे से जैसे ही बातचीत करने का प्रयास किया, तो एक और समस्या खड़ी हो गई।
पुलिस ने बच्चे से बातचीत का प्रयास किया, तो वह हिन्दी भाषा नहीं समझा और वहीं पुलिस उसकी तमिल भाषा को नहीं समझ पा रही पाई। ऐसे में पुलिसकर्मी भी परेशान हो गए। आखिरकार रात को बच्चे को किसी तरह जीआरपी पुलिस ने संभाला।
बताया जा रहा है कि आज बच्चे की मां उसे लेने के लिए वापस दौसा स्टेशन पहुंची। इसके बाद पुलिस ने महिला की पहचान की और सभी औपचारिताएं पूरी कर बच्चा उसे सौंप दिया, जिसे लेकर महिला लौट गई।