गैंगस्टर आनंदपाल के एनकाउंटर के दौरान गोली लगने से गंभीर घायल हुए जाबांज कमांडों सोहन सिंह तंवर की हालत स्थिर है। तंवर का गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहां आईसीयू में भर्ती डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य पर लगातर निगरानी रखे हुए है।
अस्पताल की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार आरएसी के जाबांज कमाण्डो सोहन सिंह तंवर का स्वास्थ्य कल लगभग स्थिर ही रहा। आरएसी के अतिरिक्त महानिदेशक ओपी गल्होत्रा ने बताया कि तंवर के कल बुखार में उतार-चढ़ाव जारी रहा। गल्होत्रा ने बताया कि तंवर का ब्लड प्रेशर एवं स्वास्थ्य के अन्य पैरामीटर सामान्य रहे हैं। उन्होंने बताया कि सोहन सिंह की हालत अभी भी स्थिर बनी हुई है एवं उसे अभी पूर्णतया खतरे से बाहर नहीं कहा जा सकता।
गल्होत्रा ने बताया कि तंवर की ही आरएसी चौथी बटालियन के कमाण्डेंट जगदीश प्रसाद मीना भी उनकी कुशलक्षेम पूछने के लिए कल मेदांता अस्पताल पहुंचे। सोहन सिंह तंवर की तीमारदारी एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिये उनकी धर्मपत्नी, परिवार के सदस्य, आरएसी के अधिकारी मेदांता अस्पताल परिसर में कैम्प कर रहे हैं।