भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की राजसमंद टीम ने गुरुवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चित्तौड़गढ़ के जिला आबकारी अधिकारी राजेंद्र कुमार बंजारा को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो महानिरीक्षक वीके सिंह ने बताया कि परिवादी भंवर सिंह ने एसीबी में यह शिकायत दी थी कि उसकी चित्तौड़गढ़ जिले में शराब की 10 दुकानें हैं। जिला आबकारी अधिकारी बंजारा के द्वारा प्रत्येक शराब की दुकान 5 हजार रुपए के हिसाब से मासिक बंधी लेने के लिए उसे धमकाया जा रहा है। आरोपी बंजारा उसे जबरन परेशान कर कह रहा है कि मासिक बंधी नहीं देने पर वह परिवादी भंवर सिंह की दुकानों पर कार्रवाई करवाएगा।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो राजसमंद पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी के नेतृत्व में गठित एसीबी टीम ने शिकायत का सत्यापन करवाया। जिसके बाद शराब ठेकेदार भंवर सिंह गुरुवार को चित्तौड़गढ़ के जिला आबकारी अधिकारी राजेंद्र कुमार बंजारा को 50 हजार की रिश्वत देने होटल शिवम् चित्तौड़ में पहुंचा। जहां रकम लेने पर एसीबी ने राजेंद्र कुमार बंजारा को गिरफ्तार कर लिया। एसीबी टीम ने बंजारा के घर की तलाशी भी ली। जिसमें 1 लाख 17 हजार रुपए की रकम भी बरामद हुई है।