डांडिया गरबा महोत्सव के दौरान नशे में धुत कुछ उत्पाती युवकों के द्वारा महिलाओं से छेड़छाड़ करने और विरोध करने पर देशी कट्टा दिखाकर हड़कंप मचाने का मामला सामने आया है।
यह मामला है राजधानी जयपुर के वैशाली नगर थाना इलाके का। इस संबंध में आरएफसी कॉलोनी, वैशाली नगर निवासी राजेंद्र सिंह ने वैशाली थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है। जिसकी जांच सबइंस्पेक्टर फूलसिंह को सौंपी गई है। जानकारी के अनुसार शनिवार को आरएफसी कॉलोनी में एक प्लॉट में डांडिया कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
तभी नशे में धुत चार युवक वहां घुस गए। वे महिलाओं के बीच जाकर डांस करने लगे और उनसे छेड़छाड़ शुरु कर दी। महिलाओं ने इसका विरोध जताया तो बदमाश युवकों ने देशी कट्टा निकालकर लहराया दिया। इससे महिलाओं ने हल्ला मचाया। वे घबरा गई। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो उत्पाती वहां से भाग निकले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।