सीकर में मंगलवार को दिन दहाड़े एक किसान से साढ़े चार लाख की लूट हो गई। किसान अपने घर से लोन की बकाया राशि जमा करवाने के लिए पैसे लेकर आया था। कुछ राशि जमा करवाई और फिर डॉक्टर को दिखाने चला गया। वहां से बाहर आते ही बाइक सवार बदमाश उसके हाथ से रुपए लेकर फरार हो गए। वारदात अम्बेडकर सर्किल के पास भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई है।
जानकारी के मुताबिक सीकर जिला मुख्यालय पर मंगलवार शाम तीन बाइक सवार लुटेरे किसान से 4 लाख 36 हजार रुपए लूट ले गए। लुटेरे बिना नंबर की बाइक पर सवार हो कर आए थे। किसान ये रकम बैंक लोन की बकाया राशि करवाने के लिए लाया था। सूचना पर पहुंची उद्योग नगर पुलिस ने लुटेरों की तलाश में नाकाबंदी करवाई लेकिन कोई सुराग नहीं निकला।
पुलिस ने बताया कि नेछवा थाना इलाके के विजयपुरा गांव निवासी घासीराम जाट पुत्र बुदराम ने एसबीबीजे बैंक की लक्ष्मणगढ़ शाखा से से लोन ले रखा था। उसके पांच लाख रुपए बकाया थे। ये रकम जमा करवाने के लिए मंगलवार को घर से करीब 4 लाख 70 हजार रूपए लेकर आया था। उसने इसमें से लोन के ब्याज के 28 हजार रुपए ही बैंक में जमा करवाए और बाकी रकम 4 लाख 36 हजार रुपए बैग में रखकर डॉ. सीताराम रणवा को दिखाने चला गया।
वहां से लौटते समय अम्बेडकर सर्किल के पास बिना नम्बरों की बाइक पर सवार होकर तीन बदमाश आए और घासीराम से बैग छीन लिया। कुछ दूर जाने के बाद लुटेरों ने बेग में से रुपयों की थैली निकाल ली और खाली बैग फैंक कर फरार हो गए।लुटेरों में से बाइक चला रहे बदमाश ने हेलमेट लगा रखा था। हक्के बक्के किसान ने शोर मचाया तो लोग इकट्ठे हो गये। सूचना पर प्रशिक्षु आरपीएस मनस्वी चौधरी, उद्योग नगर थाना प्रभारी राजपाल सिंह, सब इंस्पेक्टर अरविंद सिंह मौके पर पहुंचे और वारदात की जानकारी ली। पुलिस ने लुटेरों की तलाश में नाका बंदी करवाई और आसपास की दुकानों के सीसी टीवी कैमरे खंगाले। पुलिस देर शाम तक मामले की पड़ताल में जुटी थी।