एडीजे कोर्ट ने शुक्रवार को एक बड़ा फैसला सुनाते हुए आनंदपाल के शव का दोबारा पोस्टमार्टम करवाने के आदेश दिए। इस संबंध में निर्मल कंवर की ओर से उसके बेटे आनंदपाल के शव का दोबारा पोस्टमार्टम करवाने की याचिका कोर्ट में दायर की थी। जानकारी के अनुसार रतनगढ़ के एडीजे कोर्ट ने एसपी चुरु को आदेश दिए कि सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस के तहत ए श्रेणी अस्पताल में पोस्टमार्टम कराए जाने के निर्देश दिए।
आनंदपाल की मां की दोबारा पोस्टमार्टम की याचिका दायर करने के बाद इस प्रकरण में जिला न्यायाधीश के आदेश के बाद रतनगढ़ के एडीजे ने गुरुवार को विशेष सुनवाई की थी। सुनवाई के दौरान पुलिस की ओर से चूरू के लोक अभियोजक गोपाल शर्मा और आनंदपाल की मां निर्मल कंवर की ओर से एडवोकेट कानसिंह राठौड़ व एडवोकेट गोवेर्धन सिंह ने अपना पक्ष रखा। इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक राहुल बाहरठ अतिरिक्त, जिला क्लेक्टर राजपाल सिंह सहित पुलिस के आला अधिकारी उपस्थित थे।
गुरुवार शाम को सुनवाई के बाद एडीजे कोर्ट ने शुक्रवार सुबह फिर से सुनवाई करने के आदेश दिए थे। इसके बाद आज शुक्रवार को फिर से सुनवाई शुरु हुई। तब कोर्ट ने सुप्रीमकोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार आनंदपाल के शव का दोबारा पोस्टमार्टम करवाने के आदेश दिए।