दो दिन पहले तक वह अपने पापा के साथ खेल रहा था। पापा की आंखों में उसे बड़ा आदमी बनाने के सपने थे, लेकिन आज उसका ये हाल देखकर गम ही साथ रह गया।
मामला राजस्थान के करौली जिले में स्थित हिंडौनसिटी से जुड़ा हुआ है। जानकारी के अनुसार, यहां के शेरपुर गांव में रहने वाला नौ साल का जिशान बीती 24 सितम्बर को अचानक गायब हो गया। परिजनों ने उसे काफी तलाशा, लेकिन वह कहीं नहीं मिला। इसी दौरान उसके पिता मुनीम खान के पास फोन आया कि यदि उसे उसका बेटा जिंदा चाहिए तो 5 लाख रुपए का इंतजाम कर दें। पेशे से कुली गरीब पिता और बीपीएल की श्रेणी में आना वाला परिवार इतने पैसे कहां से जुटाता। पूरे मामले को लेकर परिजन पुलिस के पास पहुंचे।
इस पर पुलिस ने उन्हें जल्द ही जिशान का पता लगाने की बात कही। तभी आज सुबह गांव के पास ही स्थित एक कुएं में से बदबू आने पर जाकर देखा तो उसमें शव पड़ा होने की जानकारी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त करवाई तो वह मासूम जिशान का था। ये देखकर तो परिवार वालों के पैरों तले जमीन खिसक गई और सारे सपने टूट गए। अब पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।