सीकर जिला मुख्यालय स्थित मोरदिया कॉलोनी में गांजे के नशे में धुत एक जने ने अपने बड़े भाई की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। आरोपित ने पहले अपने पिता, मां और भाभी को कमरे में बंद कर दिया और बाद में भाई पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया है।
सीओ सिटी हवासिंह के अनुसार मोरदिया कॉलोनी में रहने वाला राजू बलाई नशे का आदी है। वह घर वालों की आए दिन टोकाटोकी से नाराज रहता है। शनिवार दोपहर को भी उसे नशे में देख उसके भाई ने टोक दिया। इससे नाराज होकर राजू ने अपने पिता को कमरे में और दूसरे कमरे में मां और बड़े भाई मुकेश की पत्नी को बंद कर दिया। इसके बाद उसने चाकू से बड़े भाई मुकेश पर हमला कर दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घर में मचे शोर को सुनकर आस— पड़ोस के लोग वहां आए और मौके पर मुकेश को खून से लथपथ देख पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर सीओ सिटी हवासिंह और कार्यवाहक कोतवाल सौरभ तिवारी मौके पर पहुचे और शव को एसके अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बताया की हत्या का आरोपित राजू नशे का आदी है। पुलिस ने ह्त्या के बाद उसको दस्तयाब कर लिया है और पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।