एक घर के बाहर खड़ी बोलेरो को मौका पाकर दो शातिर बदमाश लॉक तोड़ चुराकर भाग निकले। लेकिन इस गाड़ी में जीपीएस माइक्रो चीप लगी थी। इस बात का अहसास शायद इन बदमाशों को नहीं था। इस पर उनकी चालाकी काम नहीं आई और वारदात के दो दिनों के भीतर ही पुलिस ने जीपीएस सिस्टम में मिली लोकेशन के आधार पर बोलेरो मालिक की मदद से दोनों आरोपियों को धर दबोचा।
यह मामला है राजधानी जयपुर के श्याम नगर थाना इलाके का। थानाधिकारी अनिल जैमन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी देवेन्द्र उर्फ बंसल निवासी अण्डनकापुरा, करौली और भरतपुर का रहने वाला श्याम सिंह है। उन्हें आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। आरोपियों के खिलाफ डकैती, हत्या का प्रयास, वाहन चोरी अवैध हथियार रखने के मामले दर्ज हैं। देवेन्द्र कई आपराधिक मामलों में वांछित चल रहा है। थानाप्रभारी जैमन के मुताबिक दो दिन पहले श्याम नगर में रहने वाले प्रशांत गर्ग की बोलेरो को चुराकर ले गए। इस बोलेरो में जीपीएस लगा था। अगले दिन बोलेरो मालिक प्रशांत को बोलेरो गायब नजर आई।
बदमाशों को गाड़ी में जीपीएस लगा होने का पता चला तब तक....
भारतीय जीपीएस
- फोटो : SELF
संदेह होने पर उन्होंने मोबाइल पर गाड़ी की लोकेशन चैक की तब बोलेरो शहर से बाहर होने का पता चला। प्रशांंत ने तत्काल श्याम नगर थानाप्रभारी को सूचना दी। इससे पुलिस लोकेशन को ट्रेक करते हुए करौली तक जा पहुंची।
दूसरी तरफ, बदमाशों को गाड़ी में जीपीएस लगा होने का पता चला तब तक पुलिस नजदीक आ गई। लेकिन बदमाशों ने जीपीएस को हटाकर फेंक दिया। तब भी पुलिस ने अंतिम लोकेशन पर पहुंचकर आसपास के लोगों से पूछताछ की और दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर जयपुर ले आई। उन्हें आज रिमांड पर लिया गया।
इसी तरह, श्यामनगर पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान शनिवार रात को अवैध हथियार लेकर घूमने के आरोप में मुरलीपुरा निवासी नवीन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक देशी कट्टा बरामद कर रविवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से एक दिन के लिए रिमांड पर भेज दिया। उससे पूछताछ की जा रही है।