सीकर जिले के अजीतगढ़ कस्बे में छात्रा से दुष्कर्म का प्रयास करने का मामला सामने आया है। आरोपित शिक्षक ने छात्रा को प्रेक्टिकल करवाने के बहाने जल्दी बुलाकर उससे छेड़खानी की। इस पर घबराई छात्रा ने परिजनों को इस अश्लील हरकत की जानकारी दी तो वे आक्रोशित हो उठे। उन्होंने अन्य ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया है।
जानकारी के अनुसार, मामले के अनुसार पीड़िता अजीतगढ़ के टैगोर गर्ल्स पीजी महाविद्यालय में पढ़ती है। कॉलेज संचालक रामनिवास पिपलोदा ने उसे प्रेक्टिकल के बहाने सुबह जल्दी कॉलेज बुलवाया और बाथरूम में ले जाकर अश्लील हरकत की। उसकी चिल्लाने की आवाज सुनकर अन्य छात्राओं ने उसे छुड़ाया। इसके बाद रोते हुए छात्रा ने घर आकर परिजनों को इसकी जानकारी दी। इस पर परिजन ग्रामीणों के साथ इकट्ठा होकर कॉलेज पहुंचे और प्रदर्शन करने लगे।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपित मौके से फरार हो गया था। पीड़िता ने आरोपित रामनिवास के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित शिक्षक की तलाश शुरू कर दी है।