स्कार्पियो में सवार अज्ञात बदमाशों ने हरियाणा रोडवेज की बस को जबरन रुकवाया और फिर सरेराह ड्राइवर—कंडक्टर पर हमला कर लूटपाट की। यह वारदात अलवर जिले के बहरोड़ थाना इलाके में नारनौल रोड पर आज तड़के हुई।
जानकारी के अनुसार, स्कार्पियो सवार कुछ बदमाशों ने बहरोड़ थाना इलाके में नारनौल रोड़ पर भारतीय स्कूल के सामने हरियाणा रोडवेज बस को जबरन रुकवा लिया। इसके बाद ड्राइवर व कंडक्टर से मारपीट कर करीब पांच हजार रुपए नकद और लगभग 25 हजार रुपए के टिकट लूटपाट कर भाग निकले। घटना के बाद नारनौल रोड पर लोगों में अफरा—तफरी मच गई।
यह बस भिवानी से अलवर आ रही थी। तभी स्कार्पियो ने ओवरटेक करते हुए बस को रुकवाया।उसमें करीब आठ—दस बदमाशों ने ड्राइवर—कंडक्टर पर हमला बोल दिया।
उधर, हमले में घायल हुए ड्राइवर—कंडक्टर को उपचार के लिए बहरोड़ के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। गौरतलब है कि हरियाणा सीमा से सटे होने के कारण नेशनल हाईवे नंबर 8 और नारनौल रोड पर इस तरह की घटनाएं आए दिन सामने आती हैं।