भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने एक कार्रवाई करते हुए सहायक अभियंता (एईएन) विनीत बाफना एवं कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) गोपाल पटेल को 2 लाख 4 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
ये दोनों रिश्वतखोर आरोपी जल ग्रहण एवं पूरक भू-संरक्षण विभाग पंचायत समिति-बड़गांव, तहसील-गिरवा जिला उदयपुर में पदस्थापित है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो महानिरीक्षक वीके सिंह ने बताया कि परिवादी रतन सिंह ठेकेदार ने एसीबी कार्यालय उदयपुर में शिकायत दर्ज करवाई थी।
जिसमें परिवादी रतन सिंह ने बताया कि उसके द्वारा जल ग्रहण एवं भू-संरक्षण विभाग पंचायत समिति, बड़गांव में चैक डैम, चारदीवारी एवं वृक्षारोपण का कार्य करवाया गया था। इन कार्यों के 80 लाख रुपए की राशि का बिल पास करने के एवज में सहायक अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंता उससे 8 लाख रुपए की रिश्वत मांग कर रहे हैं।