कोटा में शुक्रवार देर रात शराब का नशा एक भाई के सिर चढ़कर ऐसे बोला कि उसने आपसी कहासुनी में अपने ही भाई की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। मामला शनिवार सुबह सामने आया जब आंगन में छोटे भाई की लाश खून से लथपथ हालत में मिली। मामला कोटा के जवाहर नगर थाना इलाके का है।
कोटा के जवाहर नगर थाना इलाके के महावीर नगर द्वितीय में रहने वाला पप्पू लाल (45) और उसका छोटा भाई अजय (28) शुक्रवार रात को साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों में किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। रात करीब बारह बजे शुरू हुई ये कहासुनी झगड़े में बदल गई। तेश में आकर पप्पू लाल ने अजय के सिर पर फावड़ा दे मारा। सिर पर गंभीर चोट लगने से अजय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सिर पर वार करने के बाद पप्पूलाल घटना स्थल से फरार हो गया।
सुबह आंगन में अजय की लाश देकर हंगामा मच गया। लहूलुहान लाश देखने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को मोर्चरी में रखवाया। पुलिस को मौके से खून लगा फावड़ा भी बरामद कर लिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।